गोहर में नलवाड़ मेले का समापन, डिप्टी सीएम ने की कई घोषणाएं

24 सितंबर | खबर अभी अभी | गोहर

मेले और मंदिर हमारी संस्कृति व धरोहर, इन्हें राजनीति से दूर रखना जरूरी: मुकेश अग्निहोत्री

गोहर। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर में आयोजित सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेला ख्योड़ के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने समापन अवसर पर आयोजित शोभायात्रा में भी भाग लिया। गोहर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और मंदिर हमारी संस्कृति, सभ्यता और धरोहर का अभिन्न हिस्सा हैं और इन्हें राजनीति से ऊपर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों पर किसी एक राजनीतिक दल का अधिकार नहीं हो सकता। सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि निमंत्रण मिलने के बाद गोहर आना उनके लिए आस्था और सम्मान का विषय था। उन्होंने स्थानीय जनता, ग्राम पंचायत, मेला कमेटी और स्थानीय कांग्रेस नेताओं का आभार जताया।

गोहर में बनेगा बस अड्डा

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि गोहर में बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को बस अड्डे के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने गोहर से एम्स बिलासपुर और पीजीआई चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू करने की भी घोषणा की।

विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये

उप-मुख्यमंत्री ने नाचन विधानसभा क्षेत्र में पानी के कनेक्शन, टैंकों और अन्य कार्यों से संबंधित लंबित प्रार्थना पत्रों के निपटारे के लिए जल शक्ति विभाग को एक करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की।

इसके अलावा ग्राम पंचायत को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। उन्होंने बासा कॉलेज में रिक्त पदों को भरने के लिए भी आवश्यक प्रयास करने की बात कही।

समारोह में अनुसूचित जाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। स्थानीय पंचायत प्रधान गायत्री देवी ने उप-मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम में क्यूट पहाड़न फेम अराध्या और डीएवी स्कूल बासा के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्थान की ओर से नशामुक्ति पर आधारित संदेश भी दिया गया।

Share the news