जिला निर्वाचन अधिकारी ने फागु ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था जांची

12 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सोमवार को फागु स्थित ईवीएम (EVM) वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा प्रबंधों, अग्निशमन उपकरणों और प्रवेश-निकास रजिस्टर की जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि वेयरहाउस में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही इसे खोला व बंद किया जाए। साथ ही, सुरक्षा कर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर नियमित निगरानी बनाए रखने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, एसडीएम ठियोग डॉ. शशांक गुप्ता, तहसीलदार संजीव शर्मा, निर्वाचन विभाग के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share the news