नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | झाकड़ी

झाकड़ी। विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार और एसजेवीएन निगम मुख्यालय, शिमला के दिशा-निर्देशों के तहत नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ किया गया। यह पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत परियोजना परिसर झाकड़ी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह से हुई।

समारोह में परियोजना प्रमुख, एनजेएचपीएस ई. राजीव कपूर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया।

स्थानीय समुदाय को भी किया जाएगा जागरूक

स्वच्छता पखवाड़े के दौरान परियोजना परिसर के साथ-साथ स्थानीय समुदाय को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में हेल्पएज इंडिया द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से गांव बसरा के लोगों को भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ सामुदायिक स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई।

स्कूलों में होंगी प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न रचनात्मक, जागरूकता और जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता अभियानों के अलावा सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वच्छता, स्वच्छ जल संचय, वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इसके अतिरिक्त स्वच्छता रैली सहित विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को स्वच्छता, जल संरक्षण तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।

नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के संदेश को केवल परियोजना परिसर तक सीमित न रखकर अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से इसे व्यापक जन-अभियान का रूप देना है। पखवाड़े के दौरान विभिन्न गतिविधियों के जरिए स्वच्छता को दैनिक जीवन की स्थायी आदत बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

Share the news