
कुल्लू | 13 अगस्त 2026
खबर अभी अभी


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू ने हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देश पर वन विभाग, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के सहयोग से नेचर पार्क मोहल में पौधारोपण एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वनीकरण और पौधारोपण के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा पर्यावरण संतुलन में जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
अभियान का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू के अध्यक्ष प्रकाश चन्द राणा ने किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों, एनएसएस कैडेट्स, ईको क्लबों, स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों, पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
पौधारोपण के बाद प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
विभिन्न संगठनों ने लिया हिस्सा
अभियान में सराज स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं, रायका, बदाह, ज्वालापुर, पीपड़ी और बड़हल के महिला मंडलों, पंचायत बल्ह-1 एवं बल्ह-2 के प्रतिनिधियों, वीएफडीएस बल्ह के सदस्यों, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और एनएसएस कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर सीजीएम मनीषा गोयल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विशाल तिवारी, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी नीरज सिंह, जेएमएफसी कुल्लू चुनैती सगरोली एवं अमित मंयाल, वनपाल संदीप शर्मा, वन मंडल अधिकारी कुल्लू पंकज चौहान, वन मंडल अधिकारी मुख्यालय शशि किरण, सहायक वन संरक्षक वाजिर ठाकुर और वन परिक्षेत्र अधिकारी उमर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





