
10 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नेरचौक

नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में तीमारदारों के मोबाइल चोरी होने के मामलों में पुलिस ने चंबा निवासी दो सगे भाइयों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद फोन में दो आईफोन भी शामिल हैं।
पकड़े गए युवकों की पहचान कपिल देव (24) पुत्र ग्यासो देव और कौशल देव (29) के रूप में हुई है। दोनों चंबा जिले की सुनारा पंचायत के कुंडी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
दादी के इलाज के लिए आए युवक का मोबाइल चोरी
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज परिसर में पिछले कई दिनों से तीमारदारों के मोबाइल और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। बीती रात अपनी दादी के उपचार के लिए अस्पताल आए शौर्य का मोबाइल फोन चोरी हो गया। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अस्पताल परिसर में जांच शुरू की। इस दौरान दूसरी मंजिल के एक कोने में सो रहे दो युवकों पर शक हुआ। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से शौर्य का चोरी हुआ मोबाइल और तीन अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए।
अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक सगे भाई हैं। बरामद किए गए अन्य तीन मोबाइल फोन के मालिकों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अस्पताल में हुई चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी कोई भूमिका रही है या नहीं।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





