पंचायत चुनाव का शोर आज होगा बंद, 26 मई को वोट डालेंगे ग्रामीण

खबर अभी अभी
मंडी ,
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनावों के पहले चरण को लेकर चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। रविवार शाम को पहले चरण के लिए प्रचार अभियान पूरी तरह थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर ही मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार 26 मई को प्रदेश की 1280 पंचायतों में मतदान कराया जाएगा।

चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को सभी जिलों में पोलिंग पार्टियों की अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी। रिहर्सल के बाद मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में मतदान सामग्री पहुंचाने के लिए प्रशासन विशेष इंतजाम कर रहा है।

पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को सौंपी गई है। चुनाव ड्यूटी के चलते रविवार और सोमवार को एचआरटीसी की बस सेवाएं कुछ रूटों पर प्रभावित हो सकती हैं। निगम को पोलिंग पार्टियों के लिए करीब 1300 बसों की मांग प्राप्त हुई है, जिनमें से पहले चरण में लगभग 400 बसें चुनाव ड्यूटी में तैनात रहेंगी।

प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। पहले चरण के तहत 26 मई को 1280 पंचायतों में मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 28 मई को 1258 पंचायतों में कराया जाएगा। तीसरे और अंतिम चरण के तहत 30 मई को 1170 पंचायतों में वोट डाले जाएंगे।

मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच पदों की मतगणना संबंधित मतदान केंद्रों पर ही की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए डाले गए मतों की गिनती 31 मई को होगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। पंचायत स्तर पर विकास, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दे चुनावी चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने की अपील की है।

Share the news