बिलासपुर-हमीरपुर के दो युवकों से 13.9 ग्राम चिट्टा बरामद, पुलिस ने किया गिरफ्तार

झंडूता/तलाई।
पुलिस थाना तलाई की टीम ने गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13.9 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार 20 मई 2026 को थाना तलाई के प्रभारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान जब पुलिस टीम बाघाछाल क्षेत्र में पहुंची तो वहां सुनसान स्थान पर एक सफेद रंग की कार (HP 74B-0253) खड़ी मिली, जिसमें दो युवक बैठे हुए थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों से पूछताछ की।

पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान आशीष कुमार निवासी तहसील भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में बताई, जबकि दूसरे युवक ने अपना नाम पंकज कुमार निवासी तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर बताया। पुलिस ने शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के स्टीरियो बॉक्स के अंदर से 13.9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ थाना तलाई में NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय झंडूता में पेश करेगी।

Share the news