
खबर अभी अभी
नाहन,
20 मई। जिला प्रशासन सिरमौर के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर स्वास्थ्य और दैनिक योग अभ्यास को बढ़ावा देने के लिए “100 दिनों के निःशुल्क लाइव योग सत्र” आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल के तहत आमजन, सरकारी व अन्य कर्मचारी अपने परिवार के सदस्यों सहित भाग लेने के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी टोल फ्री नंबर 18003157008 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 100 दिनों की अवधि के दौरान प्रतिभागी 14 दिनों के विभिन्न संरचित योग अभ्यास कार्यक्रमों में भी नामांकन कर सकते हैं। आयुष मंत्रालय के अंतर्गत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान ने “योग 365” अभियान के तहत इन निःशुल्क लाइव योग सत्रों के आयोजन के लिए हैविल्ड हेल्थ टेक प्रा. लि. के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि इस राष्ट्रव्यापी गतिविधि का उद्देश्य योग को जन आंदोलन के रूप में बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य और कल्याण को सशक्त बनाएगी, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के राष्ट्रव्यापी आयोजन को भी मजबूती प्रदान करेगी।





