
7 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव की सफलता पर हुआ मंथन, आगामी सांस्कृतिक-सामाजिक आयोजनों की रूपरेखा तय
सुशांत शर्मा, कुल्लू। लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ स्थानीय कलाकारों तथा युवा प्रतिभाओं को व्यापक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सूत्रधार कला संगम कुल्लू ने अपनी गतिविधियों को और तेज करने का निर्णय लिया है। संस्था की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक सूत्रधार भवन स्थित कार्यालय में अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में हाल ही में संपन्न हुए 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आगामी सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं व्यापक बनाने को लेकर सदस्यों ने विचार-विमर्श किया।
मल्हार उत्सव की सफलता पर किया मंथन
बैठक के दौरान मल्हार उत्सव में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं और दर्शकों से मिली प्रतिक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकारिणी सदस्यों ने उत्सव को सफल और यादगार बनाने में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों, पदाधिकारियों, सदस्यों, सहयोगियों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।
संस्था ने आगामी समय में सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और बड़े स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया। विशेष रूप से स्थानीय कलाकारों और युवा प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने तथा लोक कला एवं संस्कृति की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
युवा प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
सूत्रधार कला संगम ने युवा कलाकारों की प्रतिभा को सामने लाने के लिए उन्हें विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में अधिक अवसर देने पर जोर दिया। संस्था का मानना है कि स्थानीय कला, लोकनृत्य, संगीत और परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़कर ही इन्हें भविष्य के लिए संरक्षित किया जा सकता है।
आजीवन सहयोगियों की संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा
बैठक में संस्था से जुड़ने वाले आजीवन सहयोगियों की संख्या बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि संस्था के उद्देश्यों और गतिविधियों से प्रभावित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को आजीवन सहयोगी के रूप में जोड़ा जाएगा। इससे सूत्रधार की सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ना मुख्य उद्देश्य : दिनेश सेन
संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि सूत्रधार कला संगम का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं से जोड़ना भी है। उन्होंने कार्यकारिणी सदस्यों और सभी सहयोगियों से संस्था की आगामी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में संस्था उपाध्यक्ष एवं मल्हार उत्सव प्रभारी कंवर वीरेंद्र सिंह, संरक्षक मंडल सदस्य राजेन्द्र सूद व युवराज बौध, वित्त सचिव जोंगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मोनिका सागर, मंजुलता शर्मा, यशोदा शर्मा व हितेश गोगी, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुदेश कुमार, सुबोध सूद, कैप्टन रणधीर सिंह सल्हुरिया व भारत भूषण आचार्य, प्राचार्य संगीत अकादमी पं. विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य निशांत गौतम, जीवन बुड़ाल व सनी तथा प्रबंधक उत्तम चन्द उपस्थित रहे।





