सड़कों-पुलों की मरम्मत को मांगे 371 करोड़, लोक निर्माण विभाग को 2913 करोड़ का नुकसान

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

28 अगस्त 2023

Himachal Public Works Department demand 371 crore rupees for repair of roads and bridges damaged in floods

सड़कों की मरम्मत और पुलों के निर्माण के लिए अब हिमाचल प्रदेश को केंद्र से मदद की दरकार है। लोक निर्माण विभाग ने जिला सड़कों की रिपेयर के लिए केंद्र से 274 करोड़ और पुलों के निर्माण के लिए 97 करोड़ रुपये की राशि मांगी है। इसके अलावा 52 करोड़ रुपये की राशि नेशनल हाईवे को जोड़ने वाली सड़कों की रिपेयर के लिए मांगी है। लोक निर्माण विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्रालय को भेजा है।

अब तक हिमाचल में हुई तबाही से लोक निर्माण विभाग को 2913.03 करोड़ का नुकसान हुआ है। अन्य विभागों की अपेक्षा यह बहुत ज्यादा है। हालांकि अधिकांश सड़कों को यातायात के लिए बहाल किया जा चुका है, लेकिन इनकी हालत अभी भी दयनीय है। सड़कों पर गड्ढे पड़े हैं, जिससे सड़कों पर जाम लग रहा है। सेब बहुल क्षेत्र की सड़कें खस्ताहालत हैं। वहीं, लिंक रोड खराब होने से बागवानों को खच्चरों या मजदूरों से सड़क तक सेब पहुंचाना पड़ रहा है।

लोक निर्माण विभाग का दावा है कि प्रदेश में दो दिनों से मौसम साफ होने से अधिकांश सड़कें यातायात के लिए बहाल की गई हैं। प्रदेश में 488 सड़कें अभी बंद हैं। इनमें से डेढ़ सौ सड़कें ऐसी हैं, जिनको ठीक करने के बाद भी मलबा गिर रहा है। इंजीनियर इन चीफ अजय गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल दौरे के दौरान राशि देने की हामी भरी थी। ऐसे में प्रस्ताव तैयार कर केंद्र को भेजा गया है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news