
17 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | धर्मपुर

धर्मपुर उपमंडल के सिद्धपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 67वीं राज्यस्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों और तीन स्पोर्ट्स हॉस्टलों की करीब 650 छात्रा खिलाड़ी भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, ढोड़ा और कुराश की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। शुभारंभ अवसर पर मंत्री ने मार्च पास्ट की सलामी ली और ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। खेल नीति में संशोधन के बाद स्कूली खेल प्रतियोगिताओं और कोचिंग शिविरों के दौरान अंडर-14 से अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए 250 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना मजबूत करने के लिए 10 खेल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 55 स्वास्थ्य संस्थान खोले गए हैं, जिनमें धर्मपुर क्षेत्र के दो संस्थान शामिल हैं।
धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने सिद्धपुर जैसे दूरदराज क्षेत्र में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करवाने के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने धर्मपुर में दो स्पोर्ट्स हॉस्टल खोलने और क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में खेल विभाग के अधिकारी, विद्यालयों के खेल समन्वयक, शारीरिक शिक्षक और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





