
15 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सुंदरनगर, मंडी

सुंदरनगर। स्वच्छ हवा, स्वच्छता और नशामुक्ति को लेकर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में महाराणा प्रताप चौक में “स्वच्छ हवा एवं नशामुक्त सुंदरनगर” अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार निहरी अनुभव तंवर तथा क्रयाश के संस्थापक डॉ. धर्मेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सुंदरनगर के विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटकों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वच्छ हवा के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अमर नेगी ने विद्यार्थियों को स्वच्छ हवा और नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
युवाओं की भागीदारी से बढ़ेगी जागरूकता
एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि सुंदरनगर में स्वच्छता को बढ़ावा देने और नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि सुंदरनगर के सभी स्कूलों ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ तथा स्वच्छता एवं स्वच्छ हवा के पक्ष में प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी किसी भी सकारात्मक अभियान की सबसे मजबूत कड़ी है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के माध्यम से समाज में नशे के खिलाफ सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिलेगी।
एसडीएम ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से सुंदरनगर को नशामुक्त बनाने के साथ-साथ स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करने में सफलता मिलेगी। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी विद्यार्थियों, स्कूल प्रबंधन और आयोजकों की सहभागिता की सराहना की।





