
17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट (आईटीएचएम) में विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में ‘हिम विरासत—Where Heritage Lives, Culture Connects & Tourism Sustains’ थीम पर पर्यटन सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। 18 से 26 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में खेल प्रतियोगिताओं से लेकर लोकनृत्य, हस्तशिल्प, उद्यमिता और मेगा सांस्कृतिक संध्या तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
पर्यटन सप्ताह की शुरुआत 18 सितंबर से होगी। 18 से 21 सितंबर तक Tourism Premier League के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकशी, बैडमिंटन, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
23 सितंबर को उद्घाटन समारोह
23 सितंबर को पर्यटन सप्ताह का औपचारिक उद्घाटन होगा। इस अवसर पर आईटीएचएम के सहयोग से The Spotlight Open Mic आयोजित किया जाएगा। इसमें कहानी वाचन, कविता और संगीत सहित विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए मंच उपलब्ध करवाएगा।
Youth School Day में दिखेगी स्थानीय संस्कृति
24 सितंबर को Youth School Day के तहत Tourism Quiz, Painting Competition और Model-Making Competition आयोजित होंगे। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में हिमाचल की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को मंच मिलेगा।
उद्यमिता और हस्तशिल्प पर रहेगा फोकस
25 सितंबर को Entrepreneurship Day मनाया जाएगा। इस दौरान College Quiz Competition, स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक कला का प्रदर्शन और AI-Generated Short Film जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
इस अवसर पर Community-Based Tourism और Local Entrepreneurship के क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रतिभागियों एवं योगदानकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यटन के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं को सामने लाने पर जोर रहेगा।
कुल्लवी, किन्नौरी और लाहौली नाटी से सजेगी शाम
पर्यटन सप्ताह के अंतिम दिन 26 सितंबर को सुबह Folk Dance Competition आयोजित होगी। इसमें हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों की लोक परंपराओं को नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके बाद औपचारिक स्वागत, Valedictory Session, अतिथि व्याख्यान तथा प्रतिभागियों और योगदानकर्ताओं का अभिनंदन किया जाएगा।
26 सितंबर की शाम Mega Cultural Evening आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसमें कुल्लवी नाटी, किन्नौरी नाटी और लाहौली नाटी के साथ पारंपरिक मॉडलिंग, सांस्कृतिक स्किट और जाम सेशन जैसी प्रस्तुतियां होंगी। इसके माध्यम से हिमाचल की विविध लोक संस्कृतियों और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
आईटीएचएम के अनुसार पर्यटन सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यटन के व्यावसायिक पक्ष के साथ-साथ विरासत संरक्षण, स्थानीय संस्कृति, सामुदायिक भागीदारी, उद्यमिता और सतत पर्यटन से जोड़ना है। कार्यक्रमों में खेल, शिक्षा, कला, संस्कृति, तकनीक और उद्यमिता को शामिल किया गया है।
सभी कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद भवन, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर, समर हिल, शिमला में आयोजित किए जाएंगे। आईटीएचएम ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों, विश्वविद्यालय समुदाय तथा पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों से कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।





