अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा-2026: सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 1,265 पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान संभालेंगे मोर्चा

20 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए 1,125 पुलिस कर्मियों और 140 हिमाचल होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। एसपी कुल्लू अभिषेक एस. सेकर ने बताया कि उत्सव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है।

छह सेक्टरों में बांटा दशहरा क्षेत्र

सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे दशहरा क्षेत्र को छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रमुख आयोजन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहेगा। निगरानी के लिए 155 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध वस्तुओं की जांच के लिए बजौरा पुल और हाथीथान में चेक पोस्ट स्थापित की गई हैं।

18 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 430 पुलिस और होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन ने वाहनों की पार्किंग के लिए 18 स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें खोरी रोपा पार्किंग में 900, कुल्लू वैली शॉल शोरूम के निकट 200, होटल सरवरी के सामने ऑफिसर कॉलोनी में 100 और अखाड़ा बाजार की सब्जी मंडी में 100 वाहनों की पार्किंग क्षमता निर्धारित की गई है। अन्य चिन्हित स्थलों पर भी वाहन खड़े करने की व्यवस्था रहेगी।

11 मार्गों पर नो-पार्किंग व्यवस्था

भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा और यातायात के सुचारू संचालन के लिए 11 प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों में नो-पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी। इनमें गैमन पुल से ढालपुर चौक, ढालपुर चौक से कॉलेज चौक, कॉलेज चौक से टिकरा बावड़ी, कैटल ग्राउंड के आसपास तथा भुट्टी चौक से सरवरी पुल तक का मार्ग शामिल है। पुलिस ने वाहन चालकों से इन क्षेत्रों में वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है।

सात स्थानों पर बैरिकेडिंग, 10 मोटरसाइकिल टीमें करेंगी गश्त

यातायात नियंत्रण के लिए सात स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। दशहरा क्षेत्र में मोबाइल पेट्रोलिंग की तीन बीट बनाई गई हैं, जबकि 10 मोटरसाइकिल पुलिस टीमें लगातार गश्त करेंगी। भारी वाहनों की आवाजाही निर्धारित व्यवस्था के अनुसार फोरलेन मुख्य मार्ग से करवाई जाएगी। दशहरा स्थल पर सामान उतारने और चढ़ाने का समय रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक निर्धारित किया गया है।

पुलिस ने आमजन से की सहयोग की अपील

जिला कुल्लू पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है। लोगों से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनुशासन बनाए रखने तथा आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने को कहा गया है।

पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने और अफवाहों से बचने की भी अपील की है।

Share the news