
28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | केलांग

केलांग। भारतीय सेना की 26 पंजाब यूनिट द्वारा युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिलिंग अभियान चलाया जा रहा है। अंबाला कैंट से शुरू हुआ यह अभियान केलांग होते हुए जालंधर तक जाएगा। अभियान के तहत सेना के जवान करीब 1,200 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय करेंगे।
अभियान के दौरान सेना के जवान विभिन्न स्थानों पर स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं के साथ संवाद कर रहे हैं। इसी कड़ी में टीम लीडर कैप्टन अनीश एम. और डिप्टी टीम लीडर सूबेदार कुलवंत मान के नेतृत्व में सेना के जवानों ने पलचन, केलांग, पंडोह और चौंतड़ा में विद्यार्थियों एवं युवाओं से संवाद किया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान सेना के जवानों ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना की कार्यप्रणाली, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सेना में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों की जानकारी दी। युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए आवश्यक पात्रता, चयन प्रक्रिया और विभिन्न प्रवेश योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
जवानों ने अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए उन्हें देशसेवा के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने सेना में भर्ती और करियर से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। सेना के जवानों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर उनका मार्गदर्शन किया।
सही उत्तर देने और कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी प्रदान किए गए।
ये संवाद कार्यक्रम राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलचन, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंडोह तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौंतड़ा में आयोजित किए गए। इसके अलावा केलांग और कुल्लू में भी स्थानीय युवाओं के साथ संवाद किया गया।
कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेना के जवानों ने युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रहने, अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने और राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तैयार रहने का संदेश दिया।
ऐसे संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को भारतीय सेना में उपलब्ध अवसरों, करियर विकल्पों और देशसेवा के विभिन्न माध्यमों की जानकारी मिलती है। इससे विद्यार्थियों और युवाओं को सेना तथा राष्ट्रसेवा से जुड़ने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी प्राप्त होता है।





