राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में पीटीए की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन

28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की नई कार्यकारिणी का गठन रविवार को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अभिभावकों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से राकेश जंबाल को पीटीए का अध्यक्ष, किरत को उपाध्यक्ष, डॉ. बबली जोशी को सचिव, रमेश कुमार को संयुक्त सचिव तथा सुजाता शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया।

इसके अलावा नई कार्यकारिणी में अभिभावक वर्ग से तीन सदस्यों तथा शिक्षक वर्ग से चार सदस्यों को नामित किया गया। नई कार्यकारिणी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान विद्यार्थियों के हितों से जुड़े विषयों पर कार्य करने के साथ महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और मजबूत करने में सहयोग करेगी।

पीटीए के माध्यम से महाविद्यालय और अभिभावकों के बीच प्रभावी संवाद एवं समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सके।

महाविद्यालय प्रशासन ने नवगठित पीटीए कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी। प्रशासन ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के सहयोग से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

Share the news