
28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

कुल्लू। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं को मौके पर सुनने और उनके समाधान के उद्देश्य से कुल्लू जिले में 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखी जाएंगी, ताकि उनका मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एवं उनका लाभ भी ग्रामीणों तक पहुंचाया जाएगा।
एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार जिले के सभी जिला स्तरीय विभागाध्यक्षों को कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की शिकायतों और मांगों पर संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
30 सितंबर को निरमंड के चाटी/जगातखाना में कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे आनी विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल निरमंड में चाटी/जगातखाना में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में कुशवा, बाखन, सरघा, जगातखाना, तुनन, खार्गा, कशोली, ब्रो और पोशना ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इन पंचायतों से संबंधित ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांगें कार्यक्रम में अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
1 अक्टूबर को जगतसुख में सुनी जाएंगी समस्याएं
वहीं, 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे मनाली विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल मनाली में मेला ग्राउंड, जगतसुख में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस दौरान जगतसुख, प्रिणी, चचोगा, गोजरा, करजां और सोयल ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।





