
14 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | काजा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को काजा स्थित सीबीएसई स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत करने, लक्ष्य निर्धारित करने और सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में अगले शैक्षणिक सत्र से नैतिक शिक्षा शुरू की जाएगी, जिसके लिए पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल और छात्रावास से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। छात्राओं ने छात्रावास में रसोइये, सफाई कर्मचारी और महिला वार्डन की कमी का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए छात्र और छात्राओं के अलग-अलग छात्रावास बनाए जाएंगे। शिक्षकों के लिए भी अलग आवासीय ब्लॉक तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्कूल में ठंड और पर्याप्त रोशनी की कमी के कारण पढ़ाई में आ रही दिक्कतों पर भी संज्ञान लिया। उन्होंने स्कूल भवन और सुविधाओं के विकास के लिए धन उपलब्ध करवाने तथा अगले शैक्षणिक सत्र तक इसे बेहतर स्वरूप देने का लक्ष्य रखा।
पर्यावरण अध्ययन को पाठ्यक्रम में शामिल करने के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी हमारा अस्तित्व भी सुरक्षित रहेगा।
विद्यार्थियों ने स्पीति घाटी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग शुरू करने की मांग भी उठाई। मुख्यमंत्री ने इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल्द स्किल ट्रेनिंग कोर्स शुरू किए जाएंगे। पर्यटन से जुड़े प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्पीति में पर्यटन आधारित परियोजनाओं को बढ़ावा दे रही है, जिससे स्थानीय लोगों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आइस हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की संभावनाएं बढ़ेंगी।
इस अवसर पर विधायक अनुराधा राणा भी उपस्थित रहीं।





