
14 अक्टूबर 2026 | खबर अभी अभी | सरकाघाट, मंडी

सरकाघाट। दिवाली के दौरान बाजार में सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को एसडीएम कार्यालय सरकाघाट में बैठक आयोजित की गई। तहसीलदार मनीश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पटाखों की बिक्री, पार्किंग व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और अग्नि सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पटाखों की बिक्री के लिए नगर परिषद के बहुमंजिला भवन में स्टॉल लगाए जाएंगे। बाजार आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए संयुक्त सचिवालय के समीप स्थित अस्थायी पार्किंग स्थल का उपयोग किया जाएगा।
दुकानों पर पटाखों की खुली बिक्री पर रोक
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सरकाघाट बाजार में दुकानों पर पटाखों की खुली बिक्री नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए।
इसके अलावा अग्निशमन विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने और पुलिस विभाग को बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की होगी जांच
त्योहारी सीजन में मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य आपूर्ति एवं स्वास्थ्य विभाग को व्यापार मंडल के सहयोग से दुकानों का निरीक्षण करने को कहा गया। इस दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में व्यापार मंडल सरकाघाट के प्रधान ब्रह्मदास, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से देश राज ठाकुर, पुलिस विभाग से सुनील कुमार, अग्निशमन विभाग से जयपाल तथा विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य दिवाली के दौरान बाजार में सुरक्षित माहौल बनाए रखना, यातायात व्यवस्था को बेहतर करना और लोगों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित खरीदारी की सुविधा उपलब्ध करवाना रहा।





