ईंधन बचत को हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा कदम, जज करेंगे कार पूलिंग; 50% कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम सुविधा

खबर अभी अभी
हिमाचल,
ईंधन और खर्च बचाने को हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, जज करेंगे कार पूलिंग।
शिमला, हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सरकारी खर्च और ईंधन की बचत को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अब हाईकोर्ट के न्यायाधीश कार्यालय आने-जाने के लिए कार पूलिंग करेंगे। यानी एक ही वाहन में कई न्यायाधीश एक साथ यात्रा करेंगे, ताकि पेट्रोल और अन्य संसाधनों की खपत कम की जा सके।
इसके साथ ही हाईकोर्ट के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को सप्ताह में अधिकतम दो दिन घर से काम करने यानी वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी गई है। यह व्यवस्था केंद्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के निर्देशों के बाद लागू की गई है।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया ने इस नई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने के आदेश दिए हैं। आदेशों के बाद रजिस्ट्रार जनरल भूपेश शर्मा की ओर से आधिकारिक सर्कुलर जारी किया गया।
सर्कुलर के अनुसार हाईकोर्ट रजिस्ट्री की प्रत्येक शाखा और सेक्शन में 50 फीसदी कर्मचारी सप्ताह में अधिकतम दो दिन वर्क फ्रॉम होम करेंगे, जबकि शेष कर्मचारी कार्यालय में मौजूद रहेंगे ताकि न्यायिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।
हाईकोर्ट प्रशासन ने सभी रजिस्ट्रारों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रत्येक सप्ताह शुरू होने से पहले कर्मचारियों का रोस्टर तैयार करें, ताकि कार्यालय संचालन सुचारू रूप से चलता रहे। इस फैसले को सरकारी खर्चों में कटौती और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

Share the news