
खबर अभी अभी | कुल्लू, 25 नवंबर

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला कुल्लू की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत जिला स्तरीय PPT प्रेजेंटेशन चैलेंज का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नवाचार का परिचय दिया। प्रतियोगिता के आधार पर छह युवाओं का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय जलवायु सुरक्षा, सीमाएं एवं पर्वतीय क्षेत्रों का सतत विकास रहा। प्रतिभागियों ने पावरपॉइंट प्रस्तुतियों के माध्यम से इन महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और नए सुझाव निर्णायक मंडल के समक्ष रखे।
प्रतियोगिता में ललिता ठाकुर ने पहला, बेबी शर्मा ने दूसरा और लक्ष्मी कश्यप ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं कंगना, अंशिका त्यागी और ऋषिता सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुल्लू सुरजीत राठौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रूपा देवी, DIET कुल्लू के प्रवक्ता श्याम लाल और विवेक शर्मा शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, नवीन विचारों और प्रस्तुतीकरण कौशल के आधार पर किया।
जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित छह प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला कुल्लू का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर सफल होने वाले युवाओं को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को देश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार रखने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का मंच प्रदान करते हैं। साथ ही युवाओं को विकसित भारत के लक्ष्य में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में रचनात्मक सोच, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।





