
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सोमवार को फागू स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ईवीएम की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों और प्रवेश-निकास रजिस्टर की जांच की। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी भी ली और व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए ईवीएम मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखने और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।





