
31 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने भुंतर क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान हाथीथान, भुंतर और शमशी में विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल नौ सैंपल एकत्रित किए गए।
विभाग की टीम ने प्रवर्तन सैंपलिंग के तहत मीठे खजूर, दूध, बेसन के लड्डू, गुलाब जामुन, बालूशाही, शक्करपारा, रसगुल्ला, मोतीचूर के लड्डू और पिंक रसगुल्ला के नमूने भरे।
इन सभी सैंपलों को गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का पता चलेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने की हिदायत भी दी।





