
31 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

जिला शिमला के टिक्कर-नावर क्षेत्र में दरोटी संपर्क सड़क पर शनिवार सुबह करीब 8:20 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हादसे में मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में तीन नेपाली मजदूर भी शामिल हैं। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान दरोटी गांव निवासी कुशल पुत्र प्रमोद और उनकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद के रूप में हुई है। इनके अलावा तीन नेपाली नागरिक निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम की भी हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना में घायल एक नेपाली मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए शिमला रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एक ही दुर्घटना में पांच लोगों की जान जाने से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दरोटी सहित आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है।
तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार टिक्कर मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार रुपये प्रति परिवार फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। प्रशासन प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवा रहा है।





