गगल के मांझी पुल पर निजी बस ने युवक को कुचला, मौके पर मौत; ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

31 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कांगड़ा

पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गगल के मांझी पुल पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चामुंडा से जसूर की ओर जा रही एक निजी बस ने सड़क किनारे खड़े स्कूटी सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस का टायर युवक के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान रछियालू गांव निवासी 40 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार संदीप कुमार गगल से अपनी स्कूटी पर घर जाने के लिए मांझी पुल के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे पीछे से आ रही भटिया निजी बस ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना का समाचार गांव रछियालू पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया। इससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों के विरोध के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित बनी हुई है।

Share the news