मंडी में राष्ट्रीय एकता एवं संकल्प दिवस पर उपायुक्त ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

31 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को मंडी में राष्ट्रीय एकता दिवस एवं राष्ट्रीय संकल्प दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के वीसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लिया। साथ ही देशवासियों के बीच आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने की शपथ भी ली।

कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में योगदान देने का संकल्प भी लिया गया।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय संकल्प दिवस मनाया जाता है। इन दिवसों को मनाने का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों में आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित करना है।

Share the news