उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने 36 पशु मित्रों को वितरित किए नियोजन पत्र

31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | नाहन, सिरमौर

नाहन। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चयनित 36 पशु मित्रों को नियोजन पत्र वितरित किए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता काप्टा और उप निदेशक पशुपालन विभाग सिरमौर डॉ. राजीव वालिया भी मौजूद रहे।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने नवनियुक्त पशु मित्रों को बधाई देते हुए कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पशु मित्र अपने दायित्वों का निष्ठा और पूरी ईमानदारी से निर्वहन करते हुए विभागीय गतिविधियों और पशुपालकों के हित में बेहतर कार्य करेंगे।

उन्होंने पशु मित्रों से विशेष रूप से नए चयनित बीपीएल परिवारों को पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने तथा उन्हें प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

दूरदराज के क्षेत्रों में बेहतर होंगी पशु चिकित्सा सेवाएं

उपायुक्त ने कहा कि पशु मित्र विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे और पशु स्वास्थ्य तथा पशुपालन से संबंधित गतिविधियों में सहयोग प्रदान करेंगे। इससे विशेष रूप से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों तक बेहतर सेवाएं पहुंचाने और विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इस दौरान उप निदेशक पशुपालन डॉ. राजीव वालिया ने बताया कि जिला सिरमौर में वर्तमान में 5 उपमंडलीय पशु अस्पताल, 27 पशु अस्पताल, 4 केंद्र पशु चिकित्सा औषधालय, 1 पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिक और 197 पशु औषधालय संचालित हैं।

उन्होंने बताया कि नवनियुक्त 36 पशु मित्रों को सिरमौर जिले के सभी पांच उपमंडलों में विभिन्न पशु फार्मों, पशु चिकित्सालयों और पशु औषधालयों में तैनात किया जाएगा।

डॉ. वालिया ने कहा कि पशु मित्रों की नियुक्ति से पशुपालन विभाग की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। इससे पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर विभागीय सेवाओं और आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पशु मित्रों को उनके दायित्वों और पशुपालन विभाग के कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।

जिला लोक सम्पर्क अधिकारी, सिरमौर स्थित नाहन

Share the news