
सोलन, 26 सितंबर 2026।
खबर अभी अभी | सोलन

एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सोलन में परियोजना प्रदर्शनी एवं पोस्टर प्रस्तुति का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में संस्थान के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने तकनीकी ज्ञान, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में इलेक्ट्रिकल, सिविल, सीएसई तथा सीएसई (एआई एंड एमएल) सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने अपने नवीन विचारों पर आधारित कार्यशील मॉडल, तकनीकी परियोजनाएं और विभिन्न विषयों पर आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट्स की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स का किया अवलोकन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टी. पी. एस. जस्सल रहे। वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं और उन्हें 47 वर्षों से अधिक का कार्य अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वे हांगकांग स्थित एक प्रौद्योगिकी कंपनी में मुख्य तकनीकी अधिकारी के रूप में शेन्ज़ेन से कार्यरत हैं।
विशेष अतिथि के रूप में इंजीनियर शुभम अग्रवाल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग भी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई परियोजनाओं एवं पोस्टरों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य तथा स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
व्यावहारिक ज्ञान और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक आयोजन
प्रदर्शनी के दौरान संस्थान के विभिन्न विभागों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने परियोजनाओं का अवलोकन किया।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य प्रो. डॉ. पी. पी. शर्मा एवं प्रबंध निदेशक डॉ. शचि सिंह ने भी विद्यार्थियों की परियोजनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप में लागू करने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही इससे विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, व्यावहारिक ज्ञान और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलता है।





