ऑरेंज अलर्ट का असर: नाहन उपमंडल में आज सभी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

29/7/2026
नाहन(सिरमौर)
खबर अभी अभी

मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल में बुधवार को सभी सरकारी एवं निजी शैक्षणिक और तकनीकी संस्थान बंद रहेंगे। प्रशासन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है।

मंगलवार देर रात जारी आदेश में नाहन के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) राजीव सांख्यान ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सिरमौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। साथ ही अचानक बाढ़, भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और अन्य मौसम संबंधी घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है, जिससे जन-धन की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

मौजूदा सड़क परिस्थितियों, मौसम पूर्वानुमान और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नाहन उपमंडल के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई तथा आंगनबाड़ी केंद्र 29 जुलाई को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम की परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। यदि भारी बारिश का दौर जारी रहता है तो लोगों से केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

Share the news