
खबर अभी अभी | कंडाघाट, 25 नवंबर

राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, कंडाघाट में आयोजित 28वीं हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय इंटर-पॉलिटेक्निक खेलकूद प्रतियोगिता (छात्रा वर्ग) 2026 का समापन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। प्रदेश भर से आई छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लेकर खेल प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। मेजबान संस्थान राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, कंडाघाट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टेबल टेनिस और बैडमिंटन दोनों के विजेता खिताब अपने नाम किए।
समापन समारोह में कर्नल डॉ. संजय शांडिल, उपाध्यक्ष, पूर्व सैनिक विभाग, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य जिम्मेदार, आत्मविश्वासी, अनुशासित और सर्वांगीण व्यक्तित्व का निर्माण करना होना चाहिए।
उन्होंने जीवन में अनुशासन और समय प्रबंधन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई, अवकाश और मनोरंजन के बीच स्वस्थ संतुलन बनाए रखना जरूरी है। नशे के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इससे निपटने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र जरूरी है। इसमें शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि ने छात्राओं को खेल, कला, संगीत या अन्य रचनात्मक गतिविधियों में रुचि विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां एकाग्रता, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देती हैं।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, धैर्य, नेतृत्व क्षमता, सहनशक्ति और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का भी मंच हैं।
डॉ. शांडिल ने विद्यार्थियों के उचित मार्गदर्शन के लिए मजबूत मेंटरिंग प्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि वे स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में सही दिशा चुन सकें। उन्होंने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने, तनाव का प्रभावी प्रबंधन करने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह भी दी।
उन्होंने छात्राओं को उद्यमशील सोच विकसित करने, अच्छे संस्कार अपनाने, संचार क्षमता मजबूत करने और सॉफ्ट स्किल्स हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जब तकनीकी ज्ञान के साथ अच्छा चरित्र, संचार कौशल, आत्मविश्वास और जीवन मूल्य जुड़ते हैं, तो विद्यार्थी सक्षम पेशेवर और जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं।
कंडाघाट ने दोनों मुकाबलों में हासिल किए विजेता खिताब
खेलकूद प्रतियोगिता में मेजबान राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, कंडाघाट का प्रदर्शन शानदार रहा। संस्थान ने टेबल टेनिस और बैडमिंटन दोनों प्रतियोगिताओं में विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
टेबल टेनिस में राजकीय पॉलिटेक्निक, रेहन उप-विजेता रहा, जबकि बैडमिंटन में राजकीय मिलेनियम पॉलिटेक्निक, चम्बा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
समारोह का समापन खेल भावना, भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता ने एक बार फिर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, टीम वर्क और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।





