
17 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए जिला दंडाधिकारी डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत यातायात संबंधी आदेश जारी किए हैं। ये आदेश 17 अक्टूबर से 8 नवंबर तक विभिन्न चरणों में लागू रहेंगे। प्रशासन ने शहर में 18 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं, जहां करीब 2,000 वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
यातायात मार्गों में बदलाव
17 अक्टूबर से 8 नवंबर तक ढालपुर चौक से कॉलेज गेट के बीच वाहनों की आवाजाही क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू मार्ग से होगी। कला केंद्र होकर जाने वाला मार्ग बंद रहेगा। सरकारी ड्यूटी और अति विशिष्ट व्यक्तियों के काफिले से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है।
फोरलेन से सरवरी आने वाले वाहन अखाड़ा बाजार स्थित बेली ब्रिज या भूतनाथ पुल का इस्तेमाल कर सकेंगे। सरवरी और अखाड़ा बाजार से बाहर जाने वाले वाहनों को भूतनाथ पुल से भेजा जाएगा।
21 से 28 अक्टूबर तक लगवैली से कुल्लू आने वाले वाहनों को नए बाईपास मार्ग से और भुट्टी चौक से लगवैली जाने वाले वाहनों को डाकघर मार्ग से भेजा जाएगा।
कई मार्गों पर नो-पार्किंग और टो-अवे नियम
18 अक्टूबर से 8 नवंबर तक मोहल से ढालपुर चौक, कॉलेज चौक से ढालपुर चौक, कॉलेज चौक से लोअर ढालपुर, ढालपुर चौक से रामशिला, भुट्टी चौक से लुग वैली चौक और सरवरी आयरन फ्लाईओवर से लोअर ढालपुर पुल तक निर्धारित मार्गों पर नो-पार्किंग और टो-अवे प्रतिबंध लागू रहेगा। इन मार्गों पर खड़े वाहनों को हटाया जा सकता है।
मालवाहक वाहनों और भारी वाहनों के लिए निर्देश
20 से 28 अक्टूबर तक राइट बैंक पर भुंतर के सैनिक चौक से रामशिला स्थित गैमन पुल तक माल चढ़ाने और उतारने का समय रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इसी अवधि में दशहरा उत्सव के लिए तैनात विशेष बसों को छोड़कर अन्य भारी मोटर वाहनों को झिड़ी और गैमन पुल के पास फोरलेन सड़क से भेजा जाएगा।
कॉलेज गेट के पास बनेगा अस्थायी बस अड्डा
17 अक्टूबर से 8 नवंबर तक पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कॉलेज गेट के समीप पशु मैदान में अस्थायी बस अड्डा संचालित होगा।
शहर में 18 स्थानों पर पार्किंग सुविधा
प्रशासन ने 18 अक्टूबर से 8 नवंबर तक कुल्लू में 18 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें वन विभाग मैदान (ओएलएस स्कूल के समीप), मोनाल कैफे के पास नगर परिषद पार्किंग, कैटल ग्राउंड, पर्यटन होटल सरवरी के सामने, खोरी रोपा में एचआरटीसी बस अड्डे के सामने, कैलाश थिएटर सरवरी, अखाड़ा बाजार टापू पुल, विपाशा मार्केट, सब्जी मंडी, सरवरी बैक साइड मार्केट, डीएवी स्कूल मैदान मोहल, कैंब्रिज स्कूल के सामने मोहल, गांधी नगर पेट्रोल पंप के पास, पुराना बस अड्डा अखाड़ा बाजार, मिनी सचिवालय, कुल्लू वैली शॉल शोरूम के पास, शनि मंदिर के समीप और शांगरी बाग में रामशिला पुल के पास के स्थान शामिल हैं।
इन पार्किंग स्थलों पर हल्के वाहनों के साथ बसों और भारी वाहनों के लिए भी निर्धारित स्थान उपलब्ध होंगे।
जिला दंडाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन सड़कों पर खड़े न करें और निजी परिसर या प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने वाहन चालकों और आम जनता से निर्देशों का पालन करने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।





