कुल्लू में जिला स्तरीय RRC प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधि आयोजित

खबर अभी-अभी | 21 अगस्त, 2026 | कुल्लू।
सुशांत शर्मा | कुल्लू

क्षेत्रीय अस्पताल (आरएच) कुल्लू में जिला स्तरीय रेड रिबन क्लब (RRC) प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधि का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी कुल्लू डॉ. सुरेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 22 RRC प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान HIV/AIDS से संबंधित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं तथा प्रतिभागियों को 95-95-95 लक्ष्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें HIV की रोकथाम, जांच, उपचार और वायरल लोड नियंत्रण के महत्व से भी अवगत करवाया गया।

हेल्थ एजुकेटर निर्मला महंत ने HIV एवं AIDS (Prevention and Control) Act, 2017 के तहत HIV से प्रभावित और संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों, समानता तथा उनके साथ होने वाले भेदभाव की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने HIV से जुड़े सामाजिक कलंक और भेदभाव को समाप्त करने तथा प्रभावित लोगों के प्रति सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों में MEIO शेर सिंह वर्मा, नीना पंडित तथा काउंसलर शीला भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को HIV/AIDS के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में इससे जुड़े भेदभाव को समाप्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Share the news