गगल-जेवर के बीच शुरू होगी इंडिगो की सीधी उड़ान, अब सिर्फ 1 घंटे 40 मिनट में तय होगा सफर

खबर अभी अभी
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा घाटी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच हवाई संपर्क को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। 1 जुलाई 2026 से इंडिगो एयरलाइन गगल हवाई अड्डा (कांगड़ा) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के बीच नई दैनिक सीधी उड़ान सेवा शुरू करेगी। इससे यात्रियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की भीड़ और ट्रैफिक से राहत मिलेगी।

नई उड़ान सप्ताह के सातों दिन संचालित होगी। जारी शेड्यूल के अनुसार विमान सुबह 9:55 बजे जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरकर 11:40 बजे गगल पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे गगल से रवाना होकर 1:40 बजे जेवर पहुंचेगा। इस तरह दोनों शहरों के बीच यात्रा महज 1 घंटा 40 मिनट में पूरी होगी।

इस सीधी उड़ान का सबसे अधिक लाभ धर्मशाला, मैक्लोडगंज, कांगड़ा, चामुंडा, ज्वालामुखी और श्री बज्रेश्वरी (कांगड़ा देवी) मंदिर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मिलेगा। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि नई सेवा से वीकेंड पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

हालांकि शुरुआती दिनों में किराए में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार सामान्य दिनों में गगल-जेवर मार्ग का किराया लगभग 7,938 रुपये रह सकता है, जबकि सप्ताहांत पर शनिवार को यह 23,688 रुपये और रविवार को 18,333 रुपये तक पहुंच सकता है।

गगल एयरपोर्ट के निदेशक अमित सकलानी ने बताया कि 1 जुलाई से गगल एयरपोर्ट औपचारिक रूप से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ जाएगा। विमानन कंपनियों ने नई उड़ान का शेड्यूल और किराया अपनी वेबसाइटों पर जारी कर दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस नई सेवा से हिमाचल प्रदेश के पर्यटन और हवाई संपर्क को नया आयाम मिलेगा।

Share the news