
5 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुनिहार

गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कुनिहार में दीपावली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में कक्षा-वार विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सुंदर तोरण, आकर्षक दीपक और रंग-बिरंगी लालटेन तैयार कीं।
प्रातःकालीन सभा में विद्यार्थियों को दीपावली के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व की जानकारी दी गई। इसके बाद बच्चों ने विशेष पार्टी टिफिन का आनंद लिया और डीजे पार्टी के माध्यम से उत्सव की खुशियां साझा कीं। दीपावली की सजावट से पूरा विद्यालय रोशनी और उल्लास से जगमगा उठा।
विद्यालय के निदेशक समीर गर्ग और अदिति गर्ग ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रेम, सद्भाव, सकारात्मकता और खुशियां बांटने का पर्व है। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए सुरक्षित एवं हरित दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या अलका भारद्वाज ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली केवल बाहरी रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि मन के अंधकार को दूर करने का भी प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को ईर्ष्या, अहंकार और नकारात्मकता छोड़कर प्रेम, ज्ञान और सकारात्मकता का दीप जलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।





