
5 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, मंडी की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मौहीं में भविष्य सेतु कार्यक्रम के तहत करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रशिक्षुओं को रोजगार के विभिन्न विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने प्रशिक्षुओं को आईटीआई का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सरकारी और निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही रणनीति अपनाने, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. वीर विक्रम सिंह ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों और बेहतर स्वास्थ्य के महत्व पर जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
हिमाचल प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के लिपिक गिरधारी लाल ने स्वरोजगार और उद्यम स्थापित करने के इच्छुक युवाओं के लिए बैंक की विभिन्न ऋण सुविधाओं की जानकारी दी।
संस्थान के प्रधानाचार्य हेमराज ने जिला रोजगार कार्यालय, मंडी और कार्यक्रम में शामिल सभी विभागों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मार्गदर्शन शिविर प्रशिक्षुओं को करियर संबंधी निर्णय लेने और भविष्य की बेहतर तैयारी करने में मददगार साबित होते हैं।
शिविर में संस्थान के शिक्षक और आईटीआई प्रशिक्षु उपस्थित रहे।





