
4 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, सोलन में आयोजित 15वीं अंतरराष्ट्रीय बहुविषयक कॉन्फ्रेंस-2026 के दूसरे दिन ऑनलाइन अकादमिक सत्र का आयोजन किया गया। कॉन्फ्रेंस की मुख्य थीम ‘Issues in the Contemporary World and Their Solutions’ के तहत आयोजित सत्र में देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
यह कॉन्फ्रेंस हिमालयन राइज के सहयोग से समन्वयक डॉ. बी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की प्रधानाचार्य एवं कॉन्फ्रेंस संयोजक डॉ. निशा शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वंदे मातरम् के साथ सत्र की शुरुआत हुई। दूसरे दिन के पहले सत्र का ऑनलाइन समन्वय एलबीएस राजकीय महाविद्यालय, सरस्वती नगर, सावड़ा (शिमला) ने किया।
राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ, किन्नौर के प्राचार्य उत्तम चंद पहले सत्र में सेशन चेयर के रूप में उपस्थित रहे। दूसरे सत्र की अध्यक्षता हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, उत्तराखंड के पूर्व कुलपति प्रो. जे.एल. कौल ने की। इस अवसर पर डॉ. सुनील देष्टा, डॉ. कंचन बाला जसवाल सहित कई शिक्षाविद और प्राध्यापक मौजूद रहे।
पंजाब विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं शिक्षाविद् डॉ. कुलविंदर सिंह ऑनलाइन माध्यम से विशिष्ट वक्ता के रूप में जुड़े। उन्होंने अपने शैक्षणिक अनुभव और विचार प्रतिभागियों के साथ साझा किए तथा समसामयिक विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अकादमिक सत्र में विभिन्न महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा शोधार्थियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों में समकालीन विश्व की चुनौतियों, सामाजिक एवं शैक्षणिक मुद्दों और उनके संभावित समाधानों पर चर्चा हुई। इस दौरान विभिन्न विषयों पर सार्थक अकादमिक विचार-विमर्श भी किया गया।
कॉन्फ्रेंस के समानांतर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचार, रचनात्मकता और लेखन कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
आयोजकों के अनुसार कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन शोध, विचार-विमर्श और अकादमिक गतिविधियों के लिहाज से उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा।





