
4 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मंडी जिला मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। पड्डल मैदान से शुरू हुई पदयात्रा सेरी मंच पहुंची, जहां आयोजित जनसभा को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर चुनाव प्रक्रिया तथा संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है और ‘वोट चोरी’ जैसे आरोपों के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता का विश्वास हासिल करना जरूरी है, न कि अराजकता का सहारा लेना।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस पर हमला
जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की ओर से एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में गलत नाम शामिल होने से रोकना और पात्र मतदाताओं के नाम कटने से बचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक नैरेटिव तैयार कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलता है और किसी परिवार या राजनीतिक दल की धमकियों से नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की भी आलोचना की।
मुख्यमंत्री सुक्खू से इस्तीफे की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं उसी चुनाव प्रक्रिया के जरिए संवैधानिक पद पर पहुंचे हैं, जिस पर कांग्रेस के नेता सवाल उठा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर संदेह है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर प्रदेश के विकास कार्यों को प्रभावित करने और चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने नए जिले बनाने की चर्चाओं पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार को पहले अपनी पुरानी घोषणाओं और गारंटियों का हिसाब देना चाहिए।
प्रदेश की आर्थिक स्थिति और विकास कार्यों पर उठाए सवाल
जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वित्तीय स्थिति को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार कर्ज लेने के बावजूद विकास कार्यों को गति नहीं दे पा रही है। उन्होंने कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने संबंधी मुख्यमंत्री की घोषणा को भी राजनीतिक आश्वासन बताते हुए सवाल उठाए।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में मंडी जिले की सभी 10 सीटों पर जीत हासिल करेगी और प्रदेश में बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार की नीतियों को लेकर भी तीखी टिप्पणी की।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
पदयात्रा और जनसभा में पूर्व मंत्री एवं मंडी जिला प्रभारी सुरेश भारद्वाज, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, भाजपा विधायक एवं रैली संयोजक राकेश जम्वाल ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर भाजपा महामंत्री पायल वैद्य, विधायक विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर, पूर्ण चंद, दीपराज, लोकेंद्र कुमार, मंडी जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा और सुंदरनगर के विधायक हीरालाल सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





