
खबर अभी अभी | कुल्लू, 16 नवंबर।

चार वर्षों से श्रमिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित निर्माण मजदूरों ने सोमवार को कुल्लू में जोरदार प्रदर्शन किया। भवन एवं सड़क निर्माण मजदूर यूनियन (सीटू) जिला कमेटी कुल्लू के नेतृत्व में मजदूरों ने श्रमिक कल्याण बोर्ड कार्यालय के बाहर प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष जताया और लंबित सुविधाएं जल्द जारी करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने कहा कि पिछले चार वर्षों से बोर्ड में पंजीकृत निर्माण मजदूरों को मिलने वाले विभिन्न लाभ जारी नहीं किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि एक ओर मजदूरों को उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर वेरिफिकेशन के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है। हर वर्ष मिलने वाले लाभ बंद होने से मजदूरों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
यूनियन ने आरोप लगाया कि मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही। मजदूरों का कहना है कि श्रमिक कल्याण बोर्ड में उनके द्वारा जमा करवाई गई राशि उनके कल्याण और सुविधाओं पर खर्च होनी चाहिए, न कि विज्ञापनों पर।
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने मांग की कि वर्ष 2021-22 से लंबित छात्रवृत्ति, विवाह सहायता, प्रसूति एवं चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी लाभ जल्द जारी किए जाएं। उन्होंने 10 जुलाई 2026 को राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड, हमीरपुर की ओर से जारी अधिसूचना के आधार पर कार्य शुरू करने की भी मांग की। मजदूरों का कहना है कि अधिसूचना जारी होने के बावजूद अभी तक इस पर अमल नहीं किया जा रहा है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाली नकद सहायता पंजीकृत मजदूरों के बैंक खातों में जारी करने तथा श्रमिक कल्याण बोर्ड में प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण सरल बनाने की मांग भी उठाई गई।
मजदूरों ने कहा कि सुविधाओं के लिए जमा करवाए गए फॉर्म बार-बार वापस नहीं किए जाने चाहिए। फॉर्म की समय पर जांच हो और यदि उनमें कोई कमी हो तो उसी समय मजदूरों को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें बार-बार वार्षिक कार्य दिवसों का प्रमाण देने और कार्यालय के चक्कर लगाने की परेशानी न उठानी पड़े।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान-मजदूर नेता नारायण चौहान, सीटू जिला सचिव चमन ठाकुर, रामचंद और धर्मपाल ने कहा कि निर्माण मजदूर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनके अधिकारों और सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों ने अपनी मेहनत की कमाई से श्रमिक कल्याण बोर्ड में अंशदान जमा करवाया है, इसलिए बोर्ड के माध्यम से मिलने वाली सुविधाएं उनका अधिकार हैं।
प्रदर्शन के अंत में मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर श्रम कल्याण अधिकारी कुल्लू को मांग पत्र सौंपा। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द स्वीकार नहीं किया गया और लंबित सुविधाएं जारी नहीं की गईं, तो आने वाले समय में श्रम कल्याण अधिकारी का घेराव किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि मजदूरों के अधिकारों और सुविधाओं की बहाली के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान भवन एवं सड़क निर्माण मजदूर यूनियन (सीटू) के जिला सचिव चमन ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और मजदूर मौजूद रहे।





