
खबर अभी-अभी | 19 अगस्त 2026 | ऊना

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र समाधान किया जाए।
उपमुख्यमंत्री बुधवार को जिला परिषद सभागार ऊना में आयोजित जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दों, विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुकेश अग्निहोत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों से जुड़े मामलों के निवारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें।
पटवारखानों और पंचायत घरों के मामलों की समीक्षा
उपमुख्यमंत्री ने उपायुक्त को जिले में पटवारखानों तथा नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के निर्माण से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा के लिए बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पटवारखानों से संबंधित मामलों का एक समेकित प्रस्ताव तैयार करने को कहा, जिसमें उन स्थानों का पूरा विवरण शामिल हो जहां नए भवनों का निर्माण किया जाना है और जहां नए पटवारखाने खोलने के प्रस्ताव हैं।
नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के निर्माण से जुड़े भूमि मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर देखने के निर्देश दिए गए। जहां भूमि उपलब्धता, हस्तांतरण या अन्य प्रशासनिक पेचीदगी है, वहां संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
निर्वाचित प्रधान के अधिकारों का सम्मान जरूरी
पंचायतों में प्रधान की भूमिका पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचित प्रधान के अधिकारों और भूमिका का सम्मान किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्वाचित प्रधान के अधिकारों में किसी अन्य व्यक्ति का हस्तक्षेप उचित नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधान महिला हो या पुरुष, वह जनता द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि है और पंचायत की व्यवस्था में उसके अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
जरूरत के आधार पर नए बस रूटों पर होगा विचार
बस रूटों से जुड़ी मांगों पर चर्चा के दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जहां वास्तविक आवश्यकता होगी, वहां बस सेवा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार तैयार है। हालांकि नए रूट के लिए फिजिबिलिटी और पर्याप्त सवारियों की उपलब्धता को भी ध्यान में रखना जरूरी है, ताकि बस सेवा व्यवहारिक और टिकाऊ रहे।
उन्होंने एम्स बिलासपुर और श्री चिंतपूर्णी के लिए शुरू की गई बस सेवा के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की। नए बस रूटों से जुड़े सुझावों का विभागीय स्तर पर परीक्षण कर आवश्यकता और व्यवहारिकता के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रामपुर-संतोषगढ़ पुल के लिए धनराशि स्वीकृत
रामपुर-संतोषगढ़ पुल के निर्माण से जुड़े मामले पर उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पुल के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
जन्माष्टमी से पहले आश्रम मार्ग पर स्ट्रीट लाइट
उपमुख्यमंत्री ने नगर निगम ऊना के अधिकारियों को ऊना-हमीरपुर मार्ग पर बाबा बाल जी महाराज आश्रम के गेट तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा उपलब्ध करवाना है।
लता मंगेशकर कला केंद्र के लिए आत्मनिर्भर मॉडल पर जोर
लता मंगेशकर कला केंद्र के रखरखाव और संचालन पर चर्चा करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने इसे आत्मनिर्भर मॉडल पर चलाने की संभावनाओं पर विचार करने को कहा।
उन्होंने वर्षभर बुकिंग सुनिश्चित करने और संचालन किसी उपयुक्त संस्था या एजेंसी को सौंपने सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार करने की बात कही, ताकि केंद्र का बेहतर रखरखाव हो और इसका संचालन टिकाऊ तरीके से किया जा सके।
ऊना अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं पर जोर
बैठक में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने ऊना अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने और अस्पताल परिसर की बाउंड्री वॉल से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने चिकित्सकों के अवकाश पर रहने के दौरान मरीजों की देखभाल से जुड़े विषय पर भी ध्यान आकर्षित किया।
उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी चिकित्सक के अवकाश पर होने की स्थिति में मरीजों की देखभाल और उपचार व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल में निर्माणाधीन नए भवनों और उपलब्ध सुविधाओं को देखते हुए मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तरों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में उपायुक्त जतिन लाल ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया और विभिन्न जनसमस्याएं समिति के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा सहित समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने विभिन्न सुझाव दिए। प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, हिमाचल युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री सहित समिति के गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथ्वी पाल सिंह, सहायक आयुक्त विनय मोदी, सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।





