
खबर अभी अभी
शिमला
में आयोजित जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में शिक्षा मंत्री Rohit Thakur ने अधिकारियों को जन समस्याओं के समाधान के लिए धरातल पर प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। बचत भवन में आयोजित बैठक में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े अनेक मुद्दे उठाए गए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 की आपदाओं से जिला शिमला को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन प्रदेश सरकार के विशेष राहत पैकेज के कारण अब हालात सामान्य हो चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के मामलों में तेजी लाने तथा पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कुमारसैन, रामपुर और चौपाल उपमंडलों से गैर सरकारी सदस्यों ने सड़क निर्माण, पेयजल संकट, एचआरटीसी बस सेवाओं, स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त पदों, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, कूड़ा प्रबंधन, वन्यजीवों के आतंक तथा संपर्क मार्गों की खराब स्थिति जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। संबंधित विभागों ने सभी मामलों पर विस्तृत जानकारी देते हुए समाधान की दिशा में उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराया।
शिक्षा मंत्री ने सरस्वती पैराडाइज स्कूल हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शिमला पुलिस की सराहना की और आश्वासन दिया कि वर्ष के अंत में पुनः जन शिकायत समिति की बैठक आयोजित कर लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में उपायुक्त अनुपम कश्यप, एसएसपी गौरव सिंह, एडीसी सचिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।





