जेएनवी सोलन के चार विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए चयन

28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

सोलन। जवाहर नवोदय विद्यालय, सोलन के चार विद्यार्थियों ने चौथे स्टेट आर्चरी ओपन ट्रायल, घुमारवीं (बिलासपुर) में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में सेजल नेगी ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि तेनजिन कुंजे और आयुष ने रजत पदक अपने नाम किए। वहीं सब-जूनियर वर्ग में अक्षिता शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

इन उत्कृष्ट प्रदर्शनों के आधार पर चारों विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता, शिलांग के लिए हुआ है। विद्यार्थियों की इस सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया गया है।

विद्यार्थियों को विद्यालय के आर्चरी कोच अंकित चौधरी के साथ शारीरिक शिक्षकों हरिंदर सिंह और नेहा राठौर का मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। प्रशिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की और राज्य स्तरीय ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।

विद्यालय के प्राचार्य के.के. यादव, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ ने चारों चयनित विद्यार्थियों के साथ आर्चरी कोच अंकित चौधरी तथा शारीरिक शिक्षकों हरिंदर सिंह और नेहा राठौर को इस उपलब्धि पर बधाई दी।

विद्यालय परिवार ने चारों विद्यार्थियों को आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे वहां भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Share the news