
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन। कालका-शिमला हेरिटेज रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही बंद होने के बाद सोलन रेलवे स्टेशन पर इन दिनों सन्नाटा पसरा हुआ है। जिस रेलवे ट्रैक पर कुछ दिन पहले तक ट्रेनों की आवाजाही से रौनक नजर आती थी, अब वही ट्रैक सुनसान पड़ा है। स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही न होने के कारण यात्रियों और पर्यटकों की चहल-पहल भी गायब है।
गौरतलब है कि गुम्मन और टकसाल रेलवे स्टेशनों के बीच शनिवार देर रात भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ के तेज बहाव ने रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाली मिट्टी और नींव को काट दिया। पानी के तेज बहाव के कारण रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा हवा में लटक गया, जिससे इस ऐतिहासिक रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है।
ट्रैक को हुए नुकसान के बाद सुरक्षा की दृष्टि से सभी ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है। इसके चलते सोलन रेलवे स्टेशन पर भी अब ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई है। जहां पहले ट्रेन के आने-जाने के समय स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और चहल-पहल रहती थी, वहीं अब ट्रैक और स्टेशन परिसर में सन्नाटा देखने को मिल रहा है।
हालांकि स्टेशन पर लोगों की आवाजाही अभी भी जारी है, लेकिन ट्रेनों के पहिए थमने के कारण स्टेशन की रौनक पूरी तरह बदल गई है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को अब रेल सेवा बहाल होने का इंतजार है।
रेलवे ट्रैक को हुए नुकसान के बाद इसकी मरम्मत और बहाली का कार्य महत्वपूर्ण बना हुआ है। ट्रैक की स्थिति को देखते हुए रेल सेवा कब तक बहाल होगी, यह मरम्मत कार्य की प्रगति पर निर्भर करेगा।





