
खबर अभी-अभी | 20 अगस्त 2026 | शिमला

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन शिमला की ओर से बचत भवन में सद्भावना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सद्भावना दिवस की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी से जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव से दूर रहने तथा आपसी भाईचारे, एकता और सौहार्द की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सद्भावना दिवस का उद्देश्य समाज में शांति, प्रेम, सहिष्णुता और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश के विकास के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, शिक्षा और संचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और आधुनिक भारत के निर्माण का उनका दृष्टिकोण आज भी प्रासंगिक है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से राजीव गांधी के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सद्भावना, भाईचारे तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एडीएम प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





