नौणी विश्वविद्यालय और एलपीयू के बीच शोध सहयोग की संभावनाओं पर हुई चर्चा, कुलपति ने किया दौरा

1 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नौणी/फगवाड़ा

डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बावेजा ने शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू), फगवाड़ा का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ कृषि मौसम विज्ञान एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग की प्रधान वैज्ञानिक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. परमिंदर कौर बावेजा भी मौजूद रहीं।

एलपीयू के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के डीन डॉ. अतुल ठाकुर और उनकी टीम ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। दौरे के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय की अत्याधुनिक अनुसंधान प्रयोगशालाओं और केंद्रीय उपकरण सुविधा (सीआईएफ) का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों एवं शोधकर्ताओं से संवाद कर वहां चल रही अनुसंधान गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं और वैज्ञानिक सहयोग की संभावनाओं की जानकारी भी ली।

इस अवसर पर प्रो. बावेजा ने उच्च शिक्षा में अनुसंधान, नवाचार, बहुविषयक सहयोग और सतत विकास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने एलपीयू के आधुनिक अनुसंधान ढांचे की सराहना करते हुए युवा शोधकर्ताओं से समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान और सतत विकास में योगदान देने वाले अनुसंधान कार्य करने का आह्वान किया।

दौरे के दौरान स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के शिक्षकों के साथ विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें कृषि अनुसंधान के नए रुझानों, आधुनिक तकनीकों, शैक्षणिक साझेदारी और संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

इस दौरे का उद्देश्य दोनों विश्वविद्यालयों के बीच संस्थागत संबंधों को मजबूत करना और भविष्य में संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, संकाय आदान-प्रदान तथा ज्ञान एवं विशेषज्ञता साझा करने के अवसर विकसित करना रहा। इस सहयोग से कृषि, औद्यानिकी, वानिकी और संबंधित क्षेत्रों में अनुसंधान एवं उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Share the news