पांवटा साहिब में दिल दहला देने वाली वारदात, जंगल में मिली जली हुई लाश

हिमाचल प्रदेश के Paonta Sahib में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उपमंडल के कोलर गांव के समीप करौंदा वाली घाटी के घने जंगल में एक महिला की जली हुई लाश मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शव करीब 95 प्रतिशत तक जल चुका है, जिसके चलते मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, किसी राहगीर ने जंगल में आग जलती देख पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक शव सुलगती अवस्था में मिला। पुलिस ने तुरंत आग बुझाई, लेकिन तब तक शव बुरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक जांच में शव महिला का बताया जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी Manvendra Thakur और माजरा थाना प्रभारी Kuldeep Singh पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में लाकर जलाया गया। मामले की जांच के लिए राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला जुन्गा की फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाएगी। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही इस सनसनीखेज मामले से पर्दा उठ पाएगा।

Share the news