
29 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोआर्डिनेशन कमेटी (NCORD) की बैठक उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नशे की तस्करी, रोकथाम, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और नशे की लत से प्रभावित लोगों के पुनर्वास को लेकर समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि पिछले एक माह में जिले में 54 बीघा भूमि पर भांग की खेती नष्ट की गई है। इस वर्ष NDPS एक्ट के तहत 263 मामले दर्ज कर 526 आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। सितंबर में 35 मामले दर्ज हुए और 45 आरोपित गिरफ्तार किए गए।
अब तक 68 आरोपितों की करीब 12.52 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज की गई है, जबकि इस वर्ष 9 किलो 986 ग्राम चिट्टा जब्त किया गया है। जिले की 15 पंचायतों को नशे की दृष्टि से संवेदनशील चिन्हित किया गया है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को नशे के संभावित स्रोतों और हॉटस्पॉट की पहचान कर निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा विरोधी अभियान केवल कार्रवाई और जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उपचार, परामर्श और पुनर्वास पर भी समान ध्यान दिया जाए।
एसएसपी गौरव सिंह ने नशा मुक्ति केंद्रों के नियमित निरीक्षण पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को महीने में कम से कम दो बार इन केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





