
29 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मंडी। जिला रोजगार कार्यालय की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कटौला में ‘भविष्य सेतु’ कार्यक्रम के तहत करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार, स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने दसवीं और बारहवीं के बाद उपलब्ध रोजगार एवं करियर विकल्पों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की जानकारी दी।
पंजाब नेशनल बैंक की शाखा प्रबंधक रिया ने स्वरोजगार के लिए ऋण, वित्तीय सहायता और पीएनबी आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय वर्मा, डॉ. अंकिता और स्वास्थ्य कार्यकर्ता संतोष ठाकुर ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
पुलिस विभाग के विपिन ठाकुर ने सड़क सुरक्षा, नशे से बचाव, साइबर सुरक्षा और विद्यार्थियों की सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष कमल ने जिला रोजगार कार्यालय सहित सभी विभागों और विशेषज्ञों का शिविर आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।





