
29 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | लाहौल-स्पीति

केलांग। जेके टायर रैली ऑफ हिमालयाज-2026 के तीसरे चरण को मंगलवार को दारचा से उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मनाली से शुरू हुई यह क्रॉस-कंट्री रैली इस वर्ष अपने छठे संस्करण में है।
रैली के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के साथ समन्वय कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
इस वर्ष रैली में मोटो श्रेणी में 80, एक्सट्रीम श्रेणी में 35 और टीएसडी श्रेणी में 24 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें महिला प्रतिभागियों और सेना की पांच टीमें भी शामिल हैं।
रैली का प्रमुख आकर्षण पहली बार जांस्कर क्षेत्र में प्रवेश है। प्रतिभागी काजा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से होते हुए जिस्पा और इसके बाद जांस्कर की ओर बढ़ेंगे। पदुम और पेंसी ला सहित कठिन और ऊंचाई वाले मार्गों पर प्रतिभागियों को चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों और बदलते मौसम का सामना करना होगा।
वर्ष 2021 में शुरू हुई रैली अब देश की प्रमुख क्रॉस-कंट्री मोटरस्पोर्ट प्रतियोगिताओं में शामिल हो चुकी है। इस संस्करण को भारतीय रैली जगत के दिग्गज और पांच बार के राष्ट्रीय रैली चैंपियन हरि सिंह ‘जिप्सी किंग’ को समर्पित किया गया है।
लद्दाख पर्यटन विभाग भी रैली के साथ प्रायोजक के रूप में जुड़ा है। आयोजन के माध्यम से जांस्कर को साहसिक पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों ने रैली के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति, पुलिस, डीडीएमए, बीआरओ और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।





