
29 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मंडी। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), विकास खंड धर्मपुर की ओर से नैना माता मंदिर, त्रयंबला में एक दिवसीय किसान गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें करीब 154 किसानों ने भाग लिया। धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने किसानों से हल्दी की खेती और उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया।
चंद्रशेखर ने कहा कि धर्मपुर की मिट्टी और जलवायु हल्दी की खेती के अनुकूल है। किसानों को वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर सरकारी अनुदान और प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने धर्मपुर को प्रमुख हल्दी उत्पादक क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने किसानों को समितियां बनाकर डेयरी फार्मिंग और दूध उत्पादन बढ़ाने तथा अदरक, देसी दालों और स्थानीय सब्जियों के बीजों के संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया।
परियोजना निदेशक आत्मा मंडी डॉ. राकेश पटियाल ने प्राकृतिक खेती के लाभ और तकनीकों की जानकारी दी। कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं और अनुदान की जानकारी किसानों को दी।
इस दौरान किसानों को धनिया, मेथी और पालक के बीज भी वितरित किए गए। खंड तकनीकी प्रबंधक सरिता ठाकुर ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री करवाने के लिए प्रोत्साहित किया।
खंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष अजय कुमार सहित प्रगतिशील किसानों बिना देवी, कमला देवी, चंपा कुमारी, संगीता कुमारी और कंचना ने प्राकृतिक खेती के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और किसान मौजूद रहे।





