पुलिस पेंशनर्स में एरियर भुगतान को लेकर उबाल, भूख हड़ताल की चेतावनी

24 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू।

लंबित वित्तीय एरियर और चिकित्सा सुविधाओं के मुद्दे को लेकर पुलिस पेंशनर्स का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कुल्लू में पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की राज्यस्तरीय बैठक में वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित एरियर का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई गई। मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर एसोसिएशन ने प्रदेशव्यापी आंदोलन और जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।

बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व डीएसपी चमन ठाकुर ने की। पेंशनर्स ने कहा कि शिमला में प्रदर्शन के बाद कुछ राशि का भुगतान हुआ था, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का एरियर लंबित है।

पेंशनर्स ने कहा कि यह राशि उनके लिए केवल वित्तीय मामला नहीं, बल्कि वर्षों की सेवा के बाद मिलने वाला उनका अधिकार है। उन्होंने सरकार से लंबित भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर जारी करने की मांग की।

मेडिकल भत्ता 180 से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की मांग

बैठक में वर्तमान 180 रुपये मासिक मेडिकल भत्ते को बढ़ाकर कम से कम 1000 रुपये करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रितों को निःशुल्क चिकित्सा उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की गई।

पेंशनर्स का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद उम्र बढ़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें बढ़ जाती हैं और मौजूदा मेडिकल भत्ता चिकित्सा खर्चों के मुकाबले पर्याप्त नहीं है।

मांगें नहीं मानी तो आंदोलन

पूर्व डीएसपी चमन ठाकुर ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों ने सेवाकाल के दौरान प्रदेश और जनता की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से सेवाएं दी हैं। उन्होंने सरकार से लंबित एरियर का जल्द भुगतान करने और चिकित्सा सुविधाओं में सुधार की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो एसोसिएशन आंदोलन का रास्ता अपनाएगी और आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल भी शुरू की जा सकती है।

Share the news